आलमबाग स्थित डॉ. संपूर्णानंद कारागार प्रशिक्षण संस्थान में सोमवार को कारगार मंत्री दारा सिंह चौहान ने प्रशिक्षण पूरा कर चुके 12 जेल अधिकारियों और 79 कर्मचारियों की पासिंग आउट परेड की सलामी ली। प्रशिक्षण में सर्वोच्च प्रशिक्षणार्थियों का अवॉर्ड अधिकारी संवर्ग में छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जेल अधीक्षक टामन और जेल वार्डर संवर्ग में बागपत में तैनात जेल वार्डर अतुल यादव को दिया गया। साथ ही मंत्री ने अव्वल प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को स्मृति चिह्न व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। कारागार मंत्री ने कहा कि प्रशिक्षित, अनुशासित व संवेदनशील जेल कर्मी ही सुरक्षित और प्रभावी कारागार व्यवस्था की आधारशिला हैं। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन, मानवाधिकारों के संरक्षण, आधुनिक तकनीक के उपयोग और बंदियों के पुनर्वास पर विशेष ध्यान देने की अपील की। मंत्री ने कहा कि योगी सरकार कारागार विभाग को आधुनिक, सुरक्षित, पारदर्शी और बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। महानिदेशक कारागार पीसी मीणा ने प्रशिक्षण पूरा कर चुके अधिकारियों व जेल कर्मियों से ईमानदारी व सेवा भाव के साथ नौकरी करने के लिए कहा। इस मौके पर संस्थान के निदेशक डॉ. रामधनी, आगरा रेंज व मुख्यालय डीआईजी प्रेमनाथ पांडेय, अयोध्या रेंज के जेल डीआईजी शैलेन्द्र मैत्रेय व सुभाष चंद्र शाक्य समेत अन्य अफसर मौजूद रहे।