विकास नगर थाना क्षेत्र के कुर्सी रोड स्थित मिस्टर फंकी शूज के गोदाम में लगी भीषण आग के दौरान राहत एवं बचाव कार्य को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने मौके पर विशेष कॉरिडोर बनाया। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई थी, जिससे दमकल और एंबुलेंस के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही थी। इसे देखते हुए पुलिस लगातार लोगों को घटनास्थल से हटाती रही और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने लोगों से अपील की कि वे राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करें और निर्धारित सुरक्षा घेरे के बाहर रहें, ताकि दमकल की गाड़ियां, एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहन बिना किसी रुकावट के घटनास्थल तक पहुंच सकें। मौके पर दमकल विभाग, पुलिस, एसडीआरएफ और एंबुलेंस की टीमें आग पर काबू पाने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए लगातार अभियान चलाती रहीं। अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकता आग पर जल्द से जल्द नियंत्रण पाने और किसी भी संभावित नुकसान को रोकने की है।