राजधानी के किला मोहम्मदी गांव से होकर पकरी पुल, आशियाना, खजाना मार्केट और स्मृति उपवन सेक्टर-एम चौराहे तक गुजरने वाला किला मोहम्मदी नाला लंबे समय से उपेक्षा का शिकार है। यह नाला आगे चलकर सई नदी में जाकर मिलता है। स्थानीय लोगों के अनुसार नाले के पुनर्निर्माण की योजना प्रस्तावित होने के बावजूद अब तक कार्य शुरू नहीं हो सका है। वर्तमान में नाला कई स्थानों पर अतिक्रमण और चोक होने की समस्या से जूझ रहा है, जिससे जल निकासी प्रभावित हो रही है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि बरसात के मौसम में नाले की क्षमता कम होने के कारण आशियाना, खजाना मार्केट और आसपास के इलाकों में जलभराव की समस्या लगातार बनी रहती है। कई बार सड़कें और आवासीय क्षेत्र पानी से भर जाते हैं, जिससे लोगों को आवागमन और दैनिक जीवन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि किला मोहम्मदी नाले के पुनर्निर्माण और चौड़ीकरण का कार्य जल्द शुरू किया जाए। साथ ही नाले से अतिक्रमण हटाकर नियमित सफाई और रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि वर्षा जल का सुचारु निकास हो सके। लोगों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम उठाए जाने से जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी और हजारों स्थानीय निवासियों को हर वर्ष होने वाली परेशानियों से निजात मिल सकेगी।