गोमती नगर के विभूतिखंड स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के सीमांत मुख्यालय में बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ ध्वजारोहण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की शुरुआत सीमांत मुख्यालय परिसर में गरिमामय माहौल के बीच ध्वजारोहण के साथ हुई। इस अवसर पर बल के अधिकारियों और जवानों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और देश की रक्षा व अखंडता का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण एसएसबी के 'ब्रास एवं पाइप बैंड' की शानदार प्रस्तुति रही। जवानों ने एक से बढ़कर एक देशभक्ति की धुनें बजाकर पूरे माहौल को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। जवानों की शानदार कदमताल और बैंड की सुमधुर धुनों ने वहां मौजूद सभी अधिकारियों व कर्मियों का मन मोह लिया। इस दौरान मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में एसएसबी के जवान उपस्थित रहे।