पारा से मोहान रोड पर आगरा एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट से किसान पथ तक करीब ढाई किलोमीटर का हिस्सा गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुका है। सड़क की बदहाली से रोजाना भीषण जाम लग रहा है और हादसों का खतरा बना हुआ है। 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर बुद्धेश्वर महादेव मंदिर और गोला गोकर्णनाथ जाने वाले लाखों शिवभक्त इसी मार्ग से गुजरते हैं। गड्ढों और भारी वाहनों के दबाव के चलते छोटे वाहन, एंबुलेंस और पैदल श्रद्धालु घंटों जाम में फंसे रहते हैं। स्कूल जाने वाले बच्चों को भी रोज इसी परेशानी से गुजरना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि जीरो पॉइंट से तीन किलोमीटर तक सुबह से शाम जाम लगा रहता है, जिससे श्रद्धालुओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।निर्माण खंड-दो के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार सिंह ने बताया कि स्थिति की समीक्षा कर ली गई है और जल्द ही लखनऊ–मोहान रोड–उन्नाव मार्ग पर मरम्मत कार्य शुरू करा दिया जाएगा।