मड़ियांव गांव में जमीन पर निर्माण को लेकर हुए विवाद और फायरिंग के मामले में नामजद पूर्व पार्षद चांद सिद्दीकी समेत छह आरोपियों की तलाश में जानकीपुरम पुलिस दबिश दे रही है। हालांकि, घटना के दो दिन बाद भी पुलिस किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इस बीच घटना के दौरान हुए बवाल का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में कुछ लोग दूसरे पक्ष को धमकाते नजर आ रहे हैं। पीड़ित भारत वर्मा का आरोप है कि आरोपी दबंग हैं और उन्हें व उनके परिवार को जान का खतरा है। वहीं, सूत्रों के मुताबिक पूर्व पार्षद चांद सिद्दीकी ने दर्ज मुकदमे के खिलाफ कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। निर्माण रुकवाने के बाद रात में पहुंचे आरोपी मड़ियांव गांव निवासी भारत वर्मा के मुताबिक 16 अगस्त को वह अन्य सहखातेदारों के साथ खसरा संख्या 401 पर निर्माण करा रहे थे। आरोप है कि तभी जानकीपुरम प्रथम के पूर्व पार्षद चांद सिद्दीकी, गुड्डू, पूर्व प्रधान नब्बू और अन्य साथी मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया। विरोध करने पर जान-माल की धमकी देने का भी आरोप है। भारत के मुताबिक, उसी रात करीब तीन बजे चांद सिद्दीकी और नब्बू के उकसाने पर गुफरान, गुड्डू और एक अन्य व्यक्ति स्कार्पियो से प्लॉट पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने वहां लगे पिलर उखाड़कर तोड़ दिए। भारत के भाई संतू वर्मा और गोविंद ने रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पिस्टल से फायरिंग कर दी। दोनों ने भागकर अपनी जान बचाई। भारत ने घर के बाहर मौजूद अनस पर भी हमला करने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। मामले में जानकीपुरम पुलिस ने हत्या के प्रयास, बलवा, धमकी समेत अन्य धाराओं में पांच नामजद समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में सभी आरोपियों की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं। इंस्पेक्टर जानकीपुरम विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।