राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) पुणे में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे एयर फोर्स कैडेट अंतरिक्ष कुमार सिंह (18) की शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से उनके पैतृक गांव और परिवार में कोहराम मच गया है। अंतरिक्ष जिले के रुपईडीहा थाने के नरैनापुर सुमेरपुर गांव के रहने वाले थे। वे मई 2025 में एयर फोर्स में लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर चयनित हुए थे और ऑल इंडिया रैंक 154 हासिल की थी। गांव पर परिवार की महिलाएं गमगीन हालत में मिलीं। बाबा तेजपाल सिंह ने फफकते हुए बताया कि पोता अंतरिक्ष बहुत होनहार था। उन्होंने बताया कि एनडीए पुणे में पोते ने 2 जुलाई 2025 से प्रथम वर्ष का प्रशिक्षण शुरू किया था। वहां के अधिकारियों ने फोन कर बताया कि शुक्रवार सुबह जब अंतरिक्ष अपने हॉस्टल रूम से बाहर नहीं आए तो साथियों ने दरवाजा खटखटाया। दरवाजा अंदर से बंद होने पर अधिकारी पहुंचे और दरवाजा तोड़ा गया तो अंतरिक्ष का शव छत के पंखे से चादर के सहारे लटकता मिला। बाबा ने कहा कि पता चला है कि अंतरिक्ष को उसका एक सीनियर प्रताड़ित करता था, हालांकि एनडीए अधिकारियों ने इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला बताया है, हालांकि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मामले की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश दे दिए गए हैं। चाचा शैलेंद्र सिंह ने बताया अंतरिक्ष के पिता रवि प्रताप सिंह असम के गुवाहाटी में रक्षा सुरक्षा कोर में हवलदार पद पर कार्यरत हैं। सूचना मिलते ही पिता रविप्रताप सिंह, मां सीमा सिंह सेंगर, मामा पिंकू सिंह और चाचा रावेंद्र प्रताप सिंह पुणे रवाना हो गए। उनके पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शनिवार को शुरू हुई, शव गांव लाया जाएगा। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। गांव में लोग दिवंगत कैडेट के परिजनों को सांत्वना देने के लिए लगातार पहुंच रहे हैं।