जानकीपुरम सेक्टर सी, सीतापुर रोड योजना स्थित एक डायग्नोस्टिक सेंटर के संचालक ने साझेदारों पर दिनदहाड़े सेंटर में घुसकर करीब 40 लाख रुपये कीमत के चिकित्सा उपकरण और अन्य सामान ले जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाना विकासनगर में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकीपुरम सेक्टर-सी निवासी अनिकेत अनी के मुताबिक, उन्होंने एक अप्रैल 2026 को लिखित अनुबंध के तहत स्पेक्ट्रा डायग्नोस्टिक सेंटर का संचालन दो लोगों को किराये पर दिया था। अनुबंध के अनुसार हर महीने 1.50 लाख रुपये किराया तय था, लेकिन एक माह का अग्रिम किराया देने के बाद आरोपियों ने कोई भुगतान नहीं किया। साथ ही अनुबंध की अन्य शर्तों और वैधानिक दायित्वों का भी पालन नहीं किया गया। पीड़ित का आरोप है कि अनुबंध उल्लंघन पर उन्होंने 60 दिन का नोटिस भेजा था। आरोप है कि विपक्षी बकाया भुगतान करने के बजाय पैथोलॉजी खाली कराने के नाम पर दबाव बनाने लगे और धमकी भी दी। 20 जुलाई को डायल-112 पर सूचना देने के साथ चौकी प्रभारी सब्जी मंडी और थाना विकासनगर में भी शिकायत की।