बख्शी का तालाब पुलिस और औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने ब्रांडेड कंपनियों की कथित नकली दवाइयों से भरी एक वैन पकड़कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई बृहस्पतिवार देर रात थाना क्षेत्र के मामपुर गांव के खड़ंजे के पास की गई। जांच के दौरान वैन में रखी बोरियों से 2,157 बोतल संदिग्ध नकली दवाइयां बरामद हुईं। पुलिस ने मौके से भूपेंद्र सिंह निवासी बाजार गांव पकरा, थाना माल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी नकली दवाइयों की सप्लाई करने जा रहा था। बरामद दवाइयों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। शुक्रवार को आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस और औषधि प्रशासन पूरे नेटवर्क की जांच में जुटे हैं।