विकास खंड माल के थरी गांव में स्थित राजकीय हाई स्कूल के बच्चे बिजली विभाग की घोर लापरवाही के चलते खौफ में जी रहे हैं। स्कूल परिसर में गेट के पास रखे 2 ट्रांसफार्मर, और उनमें लगे तार खुले हुए हैं। इन तारों से लगातार चिंगारी निकलती रहती है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है। बच्चों के अभिभावकों और शिक्षकों ने कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर इस गंभीर समस्या से अवगत कराया है। उन्होंने ट्रांसफार्मर को बदलने और खुले तारों को ठीक करने की गुहार लगाई है। इसके बावजूद, विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है। प्रधानाचार्य, शिक्षकों और अभिभावकों का कहना है कि स्कूल प्रबंधन भी इस मामले में मूकदर्शक बना हुआ है। बिजली विभाग की उदासीनता के कारण बच्चों की सुरक्षा खतरे में है। इस लापरवाही के चलते स्कूल में कभी भी कोई अनहोनी घटना घट सकती है, जिसका जिम्मेदार पूरी तरह बिजली विभाग होगा।