मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देशानुसार अग्निशमन अधिकारी हजरतगंज की ओर से महानगर स्थित भवराराव देवरस अस्पताल में अग्नि सुरक्षा जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, कर्मचारियों तथा ओपीडी में उपचार कराने आए मरीजों और उनके परिजनों को आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। अग्निशमन अधिकारियों ने आग लगने पर घबराने के बजाय सुरक्षित तरीके से बाहर निकलने, अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग और आपातकालीन स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। इस दौरान अस्पताल परिसर में मॉक ड्रिल का भी आयोजन किया गया। अधिकारियों ने आग लगने की काल्पनिक स्थिति का प्रदर्शन कर सुरक्षित निकासी, फायर एक्सटिंग्विशर के प्रयोग और राहत एवं बचाव कार्य का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। अग्निशमन विभाग ने बताया कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य अस्पतालों में कार्यरत स्टाफ और आम लोगों को आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए तैयार करना तथा अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।