लखनऊ के गोमतीनगर स्थित विराज खंड में भरवारा रेलवे अंडरपास भारी बारिश के बाद जलमग्न हो गया। अंडरपास में कई फीट तक पानी भर जाने से आवागमन खतरे में पड़ गया। स्थिति को देखते हुए रेलवे कर्मचारियों ने बैरिकेडिंग लगाकर अंडरपास को पूरी तरह बंद कर दिया। अंडरपास बंद होने से गोमतीनगर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राहगीरों और वाहन चालकों को अब लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ रहा है, जिससे यात्रा का समय भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने जलभराव की समस्या पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से जल्द पानी निकासी कर अंडरपास को चालू कराने की मांग की है। रेलवे और संबंधित विभाग की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।