जैन धर्म के 23वें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ के मोक्ष कल्याणक के पावन अवसर पर बुधवार को जिनशासन प्रभावना एवं भव्य वाहन रैली का आयोजन किया गया। रैली डालीगंज जैन मंदिर से आचार्य श्री सुबल सागर जी महाराज के सान्निध्य में प्रारंभ हुई। इसमें करीब 500 स्कूटी, मोटरसाइकिल, दोपहिया और चौपहिया वाहन शामिल हुए। रैली में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं ने भी बाइक और स्कूटी से बढ़-चढ़कर सहभागिता की। रैली के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य भगवान पार्श्वनाथ के मोक्ष कल्याणक के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना और जैन धर्म की शिक्षाओं एवं सिद्धांतों का प्रचार-प्रसार करना था। आचार्य श्री के सान्निध्य में श्रद्धालुओं ने धार्मिक आस्था के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की।