रामनगरी अयोध्या में 25 नवंबर को प्रभु श्रीराम मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए बाराबंकी जिले से कई चयनित प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है, जिनसे प्रधानमंत्री संवाद करेंगे। जिले से आमंत्रित लोगों में जिला पंचायत सदस्य और भाजपा नेत्री नेहा सिंह आनंद भी शामिल हैं। वे जिले की चर्चित महिला नेताओं में से एक हैं और जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ चुकी हैं। नेहा ने कहा कि “मैं प्रधानमंत्री मोदी में प्रभु श्रीराम की झलक देखती हूं। आज सनातन के सवाल पर महिलाएं भी आगे आई हैं, क्योंकि सनातन धर्म की आधारशिला ही देवियों और महिला शक्ति पर टिकी है।” उन्होंने यह भी कहा कि वे प्रधानमंत्री से सिर्फ इतना कहना चाहेंगी कि वे देश को जैसी ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं, उसी तरह आगे भी बढ़ाते रहें। दूसरी ओर जिले से बुलाए गए आमंत्रित व्यक्तियों में सुरेश चंद्र गौतम भी शामिल हैं। उन्होंने कहा, यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें अयोध्या बुलाया गया है। सुरेश गौतम का कहना था कि गरीबों, वंचितों और दलितों के लिए अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है, और वे इस संबंध में पीएम से अपने विचार रखेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई सीढ़ियां चढ़ रहा है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने से पूर्व अमर उजाला से बात करते हुए दोनों प्रतिनिधियों ने अपनी भावनाएं व्यक्त कीं और इस अवसर को जीवनभर का स्मरणीय क्षण बताया।