पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव को लेकर सोशल मीडिया पर कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने के मामले में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। सपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी आपत्तिजनक और अभद्र है, जिससे उनकी भावनाएं आहत हुई हैं। इस संबंध में कार्यकर्ताओं ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी। कार्यकर्ताओं का कहना है कि सार्वजनिक जीवन से जुड़े व्यक्तियों और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ सोशल मीडिया पर अपमानजनक टिप्पणियां स्वीकार नहीं की जा सकतीं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की। हजरतगंज कोतवाली पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू करने की बात कही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर तथ्यों की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।