वसंतकुंज और लालाबाग भूहर इलाके में पिछले 24 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित होने से नाराज स्थानीय लोगों ने बसंतकुंज स्थित बिजली उपकेंद्र का घेराव कर हंगामा किया। बिजली न आने से लोगों को गर्मी और उमस में परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई। इससे नाराज बड़ी संख्या में लोग उपकेंद्र पहुंचे और अधिकारियों के सामने अपनी समस्या रखी। लोगों ने जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की। उपकेंद्र पर लोगों के पहुंचने से कुछ देर अफरातफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने कहा कि लंबे समय से बिजली संकट के कारण घरों में जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो वे दोबारा प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया।