लखनऊ में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों की झलक अब राजनीतिक दलों के कार्यालयों के बाहर भी नजर आने लगी है। समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर लगाए गए पोस्टरों में पार्टी के आगामी चुनावी संदेश को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। एक पोस्टर में लिखा है कि ‘समाजवादी 27 में आ रही है और जनता के लिए छांव का काम करेगी।’ एक अन्य पोस्टर में चंदा चोरी, चढ़ावा चोरी और गुप्त दान की चोरी को लेकर संदेश दिया गया है। पोस्टर में भगवान श्रीराम की तस्वीर के साथ अखिलेश यादव और डिंपल यादव की तस्वीर भी लगाई गई है। वहीं दूसरे पोस्टर में अखिलेश यादव और डिंपल यादव छाता लिए नजर आ रहे हैं। पृष्ठभूमि में संसद भवन की तस्वीर है और स्लोगन लिखा है—‘छत नहीं, जनता के भरोसे की छांव है।’ राजनीतिक गतिविधियों के बीच पार्टी कार्यालय के बाहर लगाए गए इन पोस्टरों को आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जनसंदेश और प्रचार की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।