भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में 17 जून को भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबले की तैयारियां तेज हो गई हैं। मैच को लेकर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में ट्रेजरार सचिन आनंद शुक्ला ने व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोनों टीमें धर्मशाला से चार्टर विमान के जरिए सीधे लखनऊ पहुंचेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 जून को दोनों टीमों का अभ्यास सत्र होगा। दोपहर में अफगानिस्तान की टीम अभ्यास करेगी, जबकि शाम को भारतीय टीम मैदान पर तैयारी करेगी। यूपीसीए ने टिकट दरों की भी घोषणा की है। मैच के टिकट 599 रुपये से शुरू होकर विभिन्न श्रेणियों के अनुसार 25,000 रुपये तक उपलब्ध होंगे। सभी टिकटों में 18 प्रतिशत जीएसटी शामिल है। दर्शकों के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार मुकाबले को लेकर सुरक्षा, यातायात और दर्शक सुविधाओं सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। क्रिकेट प्रेमियों में इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।