राजधानी लखनऊ में रविवार को खेलते समय ओपन रखे ट्रांसफार्मर से चिपककर बालक की मौत हो गई। घटना कैसरबाग थाना क्षेत्र के फूलबाग कॉलोनी की है। सोमवार को अमर उजाला की टीम बिजली विभाग की व्यवस्थाओं को चेक करने एक बार फिर मौके पहुंची। इस दौरान मोहल्ले वालों ने बताया कि इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी कोई ठीक व्यवस्था नहीं की गई। आज सुबह ट्रांसफार्मर के आसपास जाल लगाया गया। वह भी पुराना और जर्जर है। उनकी मांग है कि या तो ट्रांसफार्मर यहां से हटाकर कहीं दूर रखा जाए, या फिर चारों ओर से ऊंची दीवार या लोहे की मोटी छड़ों की सुरक्षा जाली लगाई जाए। घरवालों ने बताया कि बिजली विभाग और प्रशासन की ओर से अभी तक कोई सुध नहीं ली गई है।