राजधानी लखनऊ में केडी सिंह बाबू स्टेडियम में 'सांसद खेल महाकुंभ 2026' का आयोजन हो रहा है। सोमवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव उपस्थित रहे। इस मौके पर मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि अब प्रदेश में खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि रोजगार की गारंटी है। ओलंपिक, एशियन गेम्स या विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सीधे सरकारी सेवा में नियुक्त किया जाएगा। ललित उपाध्याय और अर्जुन देशवाल जैसे खिलाड़ियों को DSP बनाया जा चुका है। अन्य को क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि पदक विजेताओं की इनामी राशि में दो से चार गुना तक की वृद्धि की गई है। पुलिस विभाग में 500 से अधिक भर्तियां हो चुकी हैं। मंत्री ने 'खेलोगे कूदोगे होगे खराब' की पुरानी कहावत को नकारते हुए 'खेलेगा यूपी, बढ़ेगा यूपी' का नया मंत्र दिया। इस दौरान मेयर सुषमा खर्कवाल, विधायक योगेश शुक्ला, ओपी श्रीवास्तव,नीरज बोरा व अन्य भाजपा नेता शामिल हुए।