लखनऊ के विभूतिखंड के रहने वाले एक प्राइवेट कंपनी अधिकारी की चिनहट कमता स्थित जमीन की पैमाइश के नाम पर सदर तहसील में तैनात लेखपाल को एक लाख रुपये रिश्वत लेते हुए शुक्रवार को एंटी करप्शन की टीम ने गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने विभूतिखंड थाने में केस दर्ज कराया है। विभूतिखंड के विराजखंड इलाके में एक प्राइवेट कंपनी अधिकारी रहते हैं। उनकी चिनहट के कमता इलाके में लगभग एक करोड़ रुपये कीमत की जमीन है। वह उक्त जमीन पर निर्माण करवाना चाह रहे थे। जमीन की पैमाइश के लिए उन्होंने सदर तहसील में तैनात लेखपाल राजू सोनी से संपर्क किया। राजू ने पैमाइश और रिपोर्ट लगाने के एवज में उसने 8 लाख रुपये की मांग की थी। सारे पेपर पूरे होने के बावजूद भी रुपये की मांग होने पर पीड़ित ने इसकी जानकारी अपने अधिवक्ता को दी।