बिजली विभाग डाल डाल तो बिजली चोर पात पात... यह कहावत लखनऊ के पुराने इलाके में चरितार्थ साबित हो रही है। विभाग बिजली चोरी को रोकने के लिए नए तरीके अपना रहा है। वहीं, बिजली चोर भी ऐसे तरीकों को अंजाम देकर बिजली चोरी में जुट गया जिनको पकड़ना आसान नहीं। लखनऊ में पहली बार शुक्रवार को मॉर्निंग रेट के दौरान इस सनसनीखेज बिजली चोरी का खुलासा हुआ। लखनऊ सेंट्रल जोन के मुख्य अभियंता रवि कुमार अग्रवाल ने बताया शुक्रवार सुबह 5:00 बजे नूरबड़ी के उपखंड अधिकारी अखिलेश यादव ,जूनियर इंजीनियर राजेश कुमार सिंह के संयुक्त नेतृत्व में सहादतगंज के वजीरबाग क्षेत्र में जांच शुरू हुई। इसमें सुहेल और शोएब दो भाइयों के घर तीन डिश केबल के जरिए बिजली चोरी करते दबोचा गया। इनके खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई चल रही है।