राजधानी लखनऊ में अयोध्या रोड स्थित दयाल रेजिडेंसी में उमापति महादेव मंदिर का मुख्य गेट तोड़कर चोरों ने मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर में रखी पीतल की घंटियां, तांबे के पात्र, अभिषेक पात्र समेत अन्य सामान और दान पात्र में रखी नकदी चोरी कर ले गए। चोरी से करीब 50 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान है। मंदिर के पुजारी शैलेंद्र कुमार शास्त्री के मुताबिक, वह सुबह करीब 5:30 बजे मंदिर पहुंचे। इस दौरान सेवक ने उन्हें मंदिर में चोरी होने की जानकारी दी। अंदर जाकर देखा तो मंदिर में स्थापित मूर्तियों को अस्त-व्यस्त किया गया था। जांच करने पर पीतल की घंटियां, तांबे के पात्र, अभिषेक पात्र और दानपात्र से नकदी गायब मिली। पुजारी के अनुसार, चोरों ने मंदिर के मुख्य गेट को तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।