फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लखनऊ में कुसुम वर्मा ने जीजीआईसी में फिर संभाली कमान, बोलीं- छात्राओं का सर्वांगीण विकास प्राथमिकता

लखनऊ में विकास नगर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) में कुसुम वर्मा ने शुक्रवार को प्रधानाचार्या के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता विद्यालय को शैक्षणिक, खेल, सांस्कृतिक और नैतिक मूल्यों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि विद्यालय की वास्तविक पहचान उसके भवन से नहीं, बल्कि यहां से निकलने वाले विद्यार्थियों की उपलब्धियों से बनती है। उन्होंने कहा कि आज सोशल मीडिया और बदलते परिवेश के बीच बच्चों में अनुशासन, धैर्य, नैतिक मूल्यों, भारतीय संस्कृति और संस्कारों का विकास सबसे बड़ी जरूरत है। विद्यालय में शिक्षा के साथ इन मूल्यों को भी समान महत्व दिया जाएगा। प्रधानाचार्या ने कहा कि नई शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप मातृभाषा और स्थानीय बोली में शिक्षा को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। इसी सोच के तहत विद्यालय में अवधी भाषा, कहानी लेखन, कविता लेखन, संगीत, नाटक और सांस्कृतिक कार्यशालाओं का आयोजन कराया जाएगा, जिससे छात्राओं की रचनात्मक क्षमता विकसित हो सके। प्रधानाचार्या कुसुम वर्मा ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में विद्यालय की उपलब्धियां ही उनके कार्यों की पहचान बनेंगी। उन्होंने कहा, मैंने आज कार्यभार संभाला है। आने वाले दिनों में मेरा परिचय मैं नहीं, बल्कि मेरा विद्यालय और यहां की छात्राओं की उपलब्धियां देंगी। कुसुम वर्मा इससे पहले वर्ष 2016 से 2023 तक भी इसी विद्यालय में प्रधानाचार्या रह चुकी हैं। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में छात्राओं ने खेल और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। कबड्डी की जूनियर और सीनियर टीमों ने राज्य स्तर तक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विज्ञान प्रदर्शनियों में विद्यालय को लगातार पुरस्कार मिले। कई छात्राएं यहां से पढ़ाई पूरी कर बीटेक कर सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनीं, जबकि कुछ राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी और मॉडलिंग के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बना चुकी हैं। कुसुम वर्मा का राजकीय हाईस्कूल मस्तेमऊ गोसाईंगंज में प्रधानाचार्या से ट्रांसफ़र किया गया है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें