फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लखनऊ में बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा मंदिर

Bhupendra Singh Updated Thu, 30 Jul 2026 03:43 PM IST

लखनऊ में श्रावण मास के पावन प्रथम दिन मोहान रोड स्थित बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा । बाबा के दर्शन और जलाभिषेक के लिए आधी रात से ही शिवभक्तों की लंबी कतारें लग गईं । मंदिर परिसर से लेकर आसपास के मार्ग तक हर-हर महादेव, बम-बम भोले और ऊं नम: शिवाय के जयघोष गूंजते रहे। सुबह से देर शाम तक महिला और पुरुष श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचने का सिलसिला जारी रहा । देर रात 12 बजे बाबा बुद्धेश्वर की आरती के बाद मंदिर के कपाट खुले तो दर्शन के लिए भक्तों का तांता लग गया । श्रद्धालु हाथों में गंगाजल , बेलपत्र, दूध , दही , धतूरा , भांग , नारियल , फल-फूल और गन्ने का रस लेकर पहुंचे। भक्तों ने विधि-विधान से बाबा का अभिषेक और पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी । एसीपी शकील अहमद ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों के साथ एलआईयू कर्मियों को भी तैनात किया गया है । पुलिस लगातार भीड़ पर नजर रख रही है । मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है । सुरक्षा के मद्देनजर श्रद्धालुओं को मंदिर के भीतर कांच की बोतल ले जाने की अनुमति नहीं दी गई । भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए पुलिसकर्मी लगातार श्रद्धालुओं को कतार में आगे बढ़ाते रहे । बाबा बुद्धेश्वर के दर्शन और पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने मेले का भी जमकर आनंद लिया । बच्चों के लिए लगाए गए झूले आकर्षण का केंद्र रहे । महिलाओं की सिंगार सामग्री की दुकानों पर भीड़ नजर आई । मेले में लइया-पट्टी , नारियल, चाट-बताशे , बर्तन और रोजमर्रा के सामान की तमाम दुकानें सजी रहीं । मंदिर परिसर में जगह कम पड़ने पर दुकानदारों ने आलमनगर मुख्य मार्ग तक दुकानें सजा लीं । इससे पूरे इलाके में मेले जैसा माहौल नजर आया । परिवार के साथ पहुंचे लोगों ने खरीदारी के साथ झूलों और खानपान की दुकानों का भी आनंद लिया । मंदिर के पुजारी बाबा रामूपुरी महाराज ने बताया कि श्रावण मास में बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में हर वर्ष मेला आयोजित होता है । लखनऊ के अलावा उन्नाव , रायबरेली , कानपुर , हरदोई , बाराबंकी , सुल्तानपुर समेत आसपास के कई जिलों और दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं । श्रावण मास के पहले ही दिन बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ी भीड़ ने पूरे क्षेत्र को शिवमय कर दिया । देर शाम तक मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में हर-हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे और बाबा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा ।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें