लखनऊ में ब्रह्माकुमारीज वरदानी, जानकीपुरम की ओर से 60 फीट रोड स्थित प्रांगण में नौ दिवसीय महाशिवरात्रि द्वादश ज्योतिर्लिंग मेला का रविवार को शुभारंभ हुआ। मेले के उद्घाटन के साथ ही श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखा गया। आयोजकों के अनुसार मेला प्रतिदिन सायं 4 बजे से रात 8 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए खुला रहेगा। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर आध्यात्मिक झांकियों और प्रदर्शनी का अवलोकन कर सकेंगे। ब्रह्मकुमार संजय कुमार ने बताया कि मेले में भक्तों के लिए द्वादश ज्योतिर्लिंग के दर्शन की विशेष व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही अमरनाथ गुफा की झांकी, चैतन्य देवियों के दिव्य स्वरूप तथा आध्यात्मिक संदेशों पर आधारित प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र हैं। उन्होंने बताया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को राजयोग मेडिटेशन की जानकारी भी दी जाएगी, जिससे वे मानसिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव कर सकें। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से मेले में पहुंचकर आध्यात्मिक लाभ लेने की अपील की है।