लखनऊ के केडी सिंह हॉल में 9 अप्रैल से यूपी प्रो हैंडबॉल लीग का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में लीग के सीईओ डॉ. आनंदेश्वर पाण्डेय और प्रबंध निर्देशक अमित पांडेय ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस लीग में कुल 6 टीमें हिस्सा लेंगी और प्रतियोगिता 14 अप्रैल तक चलेगी। लीग का उद्देश्य प्रदेश में हैंडबॉल खेल को बढ़ावा देना और खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान करना है। आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता में विजेता टीम को 2 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि उपविजेता टीम को 1 लाख रुपये की धनराशि प्रदान की जाएगी। प्रेस वार्ता के दौरान आयोजकों ने कहा कि लीग के आयोजन से प्रदेश के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अच्छा अवसर मिलेगा और खेल के प्रति युवाओं में उत्साह बढ़ेगा।