लखनऊ के चिनहट क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाह ने शुक्रवार सुबह सनसनी मचा दी। चिनहट तिराहा स्थित सुधा पेट्रोल पंप और कठौता, गोमतीनगर के भारत पेट्रोल पंप पर सुबह करीब 6 बजे से ही भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बड़ी संख्या में लोग अपने वाहनों में तेल भरवाने के लिए पंपों पर पहुंच गए, जिससे लंबी-लंबी कतारें लग गईं। स्थिति यह रही कि चिनहट तिराहा स्थित चंदन हॉस्पिटल के पास और कठौता चौराहे के आसपास कई मीटर तक वाहनों की लाइनें दिखाई दीं। लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा, जिससे आसपास के इलाकों में यातायात भी प्रभावित हुआ। पेट्रोल भरवाने पहुंचे अरविंद यादव ने बताया कि वह सुबह 6 बजे ही पंप पर पहुंच गए थे, लेकिन करीब 9 बजे जाकर उनकी बारी आई। इस दौरान पंपों पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हालांकि, प्रशासन और सरकार की ओर से लगातार अपील की जा रही है कि लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें, लेकिन इसके बावजूद लोगों में घबराहट साफ नजर आई। अफवाहों के चलते अचानक बढ़ी भीड़ ने स्थिति को और अधिक गंभीर बना दिया।