लाला लाजपत राय वार्ड के अंतर्गत आइडियल कॉलोनी सेक्टर डी के ठीक सामने भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) आवासीय परिसर की बाउंडरी वॉल का बड़ा हिस्सा मुख्य मार्ग की ओर झुक गया है। टेढ़ी पुलिया चौराहा से रिंग रोड होते हुए दिव्यांश गेस्ट हाउस की ओर जाने वाले इस मार्ग पर करीब सात फुट ऊंची दीवार को एहतियातन खंभा लगाकर रोकने का प्रयास किया गया है। इसके बावजूद दीवार के गिरने का खतरा बना हुआ है। टेढ़ी पुलिया चौराहे पर लगने वाले जाम से बचने के लिए बड़ी संख्या में वाहन चालक इस मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। वहीं, बाउंडरी वॉल के सामने कॉलोनी के बच्चे भी अक्सर खेलते हैं। लोग दीवार के पास अपने वाहन भी खड़े कर देते हैं। ऐसे में दीवार गिरने पर बड़ा हादसा हो सकता है।