झांसी। प्रेमनगर के ईसाई टोला क्षेत्र स्थित देवस्थल श्री खाती बाबा मंदिर पर 76वें बुंदेलखंड विशाल श्रावण मेले के अवसर पर 52वां विराट दंगल संपन्न हुआ। दंगल में बुंदेलखंड के साथ ही मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों के पहलवानों ने हिस्सा लिया। अखाड़े में 30 जोड़ियों के बीच कुश्ती के मुकाबले हुए। पहलवानों के दांव-पेच देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक जुटे। विराट दंगल का शुभारंभ मुख्य अतिथि झांसी परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक आकाश कुलहरि ने किया। विशिष्ट अतिथि अपर नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, क्षेत्राधिकारी झांसी सदर प्रिया सिंह और प्रेमनगर थाना प्रभारी निरीक्षक तुलसी राम पांडेय रहे। इससे पहले वैदिक आचार्यों ने विधि-विधान से श्री खाती बाबा महाराज का पूजन-अर्चन कराया। आईजी आकाश कुलहरि ने कहा कि श्रावण मास में आयोजित होने वाला खाती बाबा मंदिर का बुंदेलखंड विशाल श्रावण मेला वर्षों पुरानी परंपरा को जीवित रखे हुए है। ऐसी परंपराएं आज धीरे-धीरे लुप्त हो रही हैं। आयोजकों की ओर से इसे निरंतर आगे बढ़ाना सराहनीय है। उन्होंने दंगल में प्रतिभाग करने वाले पहलवानों को शुभकामनाएं दीं। दंगल में झांसी, बबीना, ग्वालियर, भिंड, मुरैना, आगरा, करैरा, शिवपुरी, भोपाल, बांदा, बीना और राजस्थान समेत विभिन्न क्षेत्रों के पहलवानों ने हिस्सा लिया। मुख्य इनामी कुश्ती लहार के शिवम यादव और मुरैना के करुआ गुर्जर के बीच हुई। रोमांचक मुकाबले में शिवम यादव लहार विजेता रहे। वहीं दूसरी कुश्ती झांसी के जतिन और दतिया के वीरेंद्र के बीच हुई, जो बराबरी पर छूटी। दंगल में मेहरबान सिंह यादव और चंद्र प्रकाश राय ने रेफरी की भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन पं. सियारामशरण चतुर्वेदी, प्रधानाचार्य एमएस राजपूत इंटर कॉलेज प्रेमनगर ने किया। मेला आयोजक मंडल के धनीराम कुशवाहा, रामप्रसाद कुशवाहा भगतजी, जगदीश कुशवाहा नन्ना, अभिषेक कुशवाहा और भावेश कुशवाहा ने अतिथियों का स्वागत किया। अंत में खाती बाबा मंदिर के संचालक अभिषेक कुशवाहा ने सभी का आभार व्यक्त किया।