पंचायत कुंड खनायडी में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत बनाई गई सड़क के किनारे टेलीकॉम कंपनी की तार बिछाने का काम वाहन चालकों और स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। सड़क सिंगल होने के बावजूद जेसीबी मशीन से खुदाई कर मलबा सड़क के बीचोंबीच डाला जा रहा है, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और घंटों जाम लग रहा है। काम के दौरान सड़क पर जगह कम होने के कारण एक डंपर चालक वाहन निकालने का प्रयास कर रहा था, तभी डंपर के पहिए सड़क किनारे बने डंगे में धंस गए। इससे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान गुस्साए स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया। स्थानीय निवासी गोपाल शर्मा और गुरचरण सिंह ने बताया कि वे वाहन चालक हैं और करीब एक घंटे से जाम में फंसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क सिंगल होने के कारण खुदाई का काम मजदूरों के माध्यम से एक तरफ से करवाया जाना चाहिए था, लेकिन जेसीबी मशीन से करीब एक मीटर गहरी खुदाई कर सारा मलबा सड़क पर डाल दिया गया है। इससे वाहनों को गुजरने तक की जगह नहीं मिल रही है। ऐसे में दो वाहनों का एक-दूसरे को क्रॉस करना मुश्किल हो गया है।