आरएस पुरा कोटली शाह दुल्ला मुख्य मार्ग पर पानी की निकासी के लिए कोई प्रबंध न होने के कारण बारिश का पानी सड़क के बीचो-बीच जमा हो जाने के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर गेगिया मोड के पास स्थित एक निजी रिसोर्ट के सामने पानी जमा होने के कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं और लोगों का गुजरना तक मुश्किल हो गया है। इसी समस्या को लेकर गुरुवार को किसान नेता चौधरी मोहन सिंह की अध्यक्षता में स्थानीय लोगों ने सड़क एवं भवन निर्माण विभाग तथा सरकार के खिलाफ जोरदार तरीके के साथ प्रदर्शन किया और मांग करते हुए कहा कि मुख्य सड़क पर पानी की निकासी के लिए जल्द से जल्द ठोस प्रबंध किए जाएं अन्यथा आने वाले दिनों में भी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन कार्यो ने स्थानीय विधायकों के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की।