सांबा के कहली ग्राउंड में नशा मुक्त अभियान के तहत आयोजित सांबा क्रिकेट प्रीमियर लीग अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत हुई। टूर्नामेंट के उद्घाटन अवसर पर युवा खिलाड़ियों में खेल के प्रति गजब का उत्साह और जोश देखने को मिला। कार्यक्रम में जगदीश सिंह, अजय भारती सहित सांबा के कई गणमान्य लोगों ने शिरकत कर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और उन्हें खेलों के माध्यम से नशे से दूर रहने का संदेश दिया। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला सांबा फाइटर और परमंडल पेनथर के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। आयोजकों ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करना और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक करना है। पूरे टूर्नामेंट के दौरान जिले की विभिन्न टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।