रियासी के स्थानीय श्री सनातन धर्म सभा में शिव महापुराण कथा का शुभारंभ धार्मिक उत्साह के साथ हुआ। कथा से पहले शहर में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया। यात्रा सनातन धर्म सभा से शुरू होकर मुख्य बाजार स्थित भगवान गणेश मंदिर तक पहुंची, जहां कलशों में जल भरा गया। भजन-कीर्तन करते हुए यात्रा वापस कथा स्थल पर पहुंची और कलशों को विधि-विधान से स्थापित किया गया। यह धार्मिक आयोजन दो सितंबर तक चलेगा, जिसमें रोजाना सूरज कौशल शास्त्री द्वारा श्री शिव महापुराण कथा का वाचन किया जाएगा।