अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की जेल में हत्या की खबरों और दिल्ली धमाके के बाद बीएसएफ ने गश्त तेज कर दी है। सीमा को सुरक्षित और सुरक्षा को मजबूत करने के लिए शनिवार को गश्ती अभियान चलाया। बीएसएफ जवानों के साथ पुलिस के सीनियर अधिकारियों ने भी अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) के साथ महत्वपूर्ण इलाकों का निरीक्षण किया। दुश्मन देश से कोई नापाक हरकत न हो, इसलिए नालों, पुलिया और नहरों जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई। गश्त कर रहे जवानों ने कहा कि वह दिन-रात प्रहरी बनकर सरहद की रक्षा कर रहे हैं। घुसपैठ रोकने के साथ-साथ ड्रोन की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। महिला जवानों ने कहा कि वह देश वासियों की रक्षा के लिए फर्ज निभा रही हैं। जब भी पाकिस्तान की ओर से किसी प्रकार की हरकत की जाती है तो उन्हें उसी की भाषा में जवाब दिया जाता है। सूत्रों के अनुसार सर्दी बढ़ने पर अंतरराष्ट्रीय सीमा व एलओसी पर घुसपैठ कराने के इरादे से पाकिस्तान में लांचिंग पैड पर कई आतंकियों को रखा गया है। ऐसे में पैनी नजर रखी जा रही है। जवान आधुनिक हथियारों के साथ सतर्क हैं।