फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Weather Forecast: कैसा रहेगा आप यहां आज मौसम का हाल, कहां-कहां भारी बारिश का अलर्ट?

वीडियो डेस्क, अमर उजाला डॉट कॉम Updated Wed, 23 Jul 2025 05:43 AM IST

देशभर में मानसूनी बारिश का कहर जारी है। झारखंड में मंगलवार को तेज बारिश के दौरौन बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई। हिमाचल में पहाड़ से ट्रक पर पत्थर गिरने से दो व्यक्ति घायल हो गए। मौसम विभाग ने उत्तर से पश्चिम समेत पूरे देश में अगले पांच से छह दिनों के दौरान भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 

हिमाचल प्रदेश में वर्षा जनित घटनाओं में अब तक 74 लोगों की मौत हुई है और 34 लापता हैं। राज्य में 435 सड़कें बंद हैं। लाहौल-स्पीति के स्पीति के खुरिक में मंगलवार को बादल फटने से रंगरिक और खुरिक गांव समेत तीन स्थानों में बाढ़ आ गई। इससे कुछ घरों को नुकसान पहुंचा है। खेतों में फैले मलबे के कारण नगदी फसलों को भारी क्षति हुई है। जम्मू के राजोरी में सेना के एक शिविर की 10 फीट ऊंची दीवार गिर गई। इसकी चपेट में आने से तीन कार क्षतिग्रस्त हो गईं। कई जगहों पर भूस्खलन हुआ और नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ गया।

महाराष्ट्र के कोंकण, घाट इलाकों और रायगढ़, रत्नागिरी व सिंधूदुर्ग जिलों में ऑरेंज अलर्ट के बीच मंगलवार को झमाझम बारिश हुई। मुंबई, पालघर, ठाणे और कई अन्य जिलों में भी मूसलाधार बारिश दर्ज की गई। इन जिलों में बारिश को लेकर पहले ही यलो अलर्ट जारी किया गया था। स्थानीय अधिकारियों को बाढ़ और यातायात व्यवधान को लेकर अलर्ट रहने को कहा गया है।

बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना है। इसके प्रभाव से दक्षिण बंगाल के कई जिलों में 24 से 28 जुलाई के बीच भारी बारिश होने की संभावना है। 24 और 25 को दक्षिण 24 परगना, झारग्राम, पूर्वी और पश्चिमी मेदिनीपुर, बांकुड़ा और पुरुलिया जिलों में कई स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है।

अलग अलग जगहों पर बिजली गिरने की घटना हुई। पलामू के सहदेव गांव में खेत में काम करते समय आशा देवी की बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। इसी जिले के एक अन्य गांव में मांती देवी, चतरा में बिलासो देवी और हजारीबाग में सुनीता देवी की बिजली गिरने से मौत हो गई।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें