Sadhvi Prem Baisa Death: राजस्थान की चर्चित 23 वर्षीय कथावाचक साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसको लेकर अब कई तरह के सवाल उठ रहे है।
जोधपुर के पाल रोड क्षेत्र से जुड़ी कथावाचक साध्वी प्रेम बाईसा की बुधवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के लगभग चार घंटे बाद उनके आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक कथित सुसाइड पोस्ट सामने आने से मामला और भी रहस्यमय हो गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कर रही है। प्रेम बाईसा की संदिग्ध मौत पर कई तरह के सवाल उठाए जा रहे है। राजस्थान के दिग्गज नेता और सांसद हनुमान बेनीवाल ने जांच की मांग उठाई है।
साध्वी को उनके पिता वीरमनाथ और एक युवक कार से पाल रोड स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर होगा, फिलहाल हर एंगल से जांच जारी है।