यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी घमासान अब चरम पर पहुंच गया है। इस कड़ी में शुक्रवार को एसपी और कांग्रेस की तरफ से आगरा में रोड शो निकाला गया। रोड शो में एसपी अध्यक्ष और यूपी के सीएम अखिलेश यादव और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी शामिल हुए। रोड शो की शुरूआत दयालबाग इलाके से हुई जिसमें काफी संख्या में दोनों दलों के नेता और समर्थक शामिल रहे। एक रथ पर सवार अखिलेश यादव और राहुल गांधी भारी भीड़ के बीच लोगों का अभिवादन स्वीकार करते रहे। आपको बता दें कि आगरा जिले में कुल नौ विधानसभा सीटें हैं जिसमें से छह पर बसपा, दो पर भाजपा और एक सीट पर एसपी का कब्जा है। यहां से भाजपा के रामशंकर कठेरिया सांसद हैं। ऐसे में सपा और कांग्रेस के लिए आगरा का खासा महत्व है।