आतंकियों को पनाह देने वाला पाकिस्तान इन दिनों एक नई गीदड़भभकी दे रहा है। पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर ने हाल ही में भारत को परमाणु बम की धमकी दी थी, जिसपर अब आरएसएस के वरिष्ठ नेता राम माधव ने चुप्पी तोड़ी है। राम माधव ने कहा कि असीम मुनीर के परमाणु धमकी से कोई डरने वाला नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप पर भी जोरदार हमला बोला।
राम माधव ने एक इंटरव्यू में कहा कि, असीम मुनीर भले ही परमाणु बम की धमकी दे रहे हों लेकिन उससे कोई डरने वाला नहीं है। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उसका जो सही उत्तर देना था वो उन्हें दे दिया है। न्यूक्लीयर ब्लैकमेल से भारत को कई डरा नहीं सकता है। इसके साथ ही उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति पर निशाना साधते हुए कहा कि, हम डोनाल्ड ट्रंप की शैली क्यों नहीं समझ रहे? ट्रंप ने उत्तर कोरिया के किम जोंग उन से बातचीत की थी और कहा था कि वह उनके अच्छे दोस्त हैं। यही उनकी शैली है और वह इस सोच के साथ काम करते हैं कि वह सभी गलत लोगों को सुधार सकते हैं। हम मुनीर के संबंध में उनके कार्यों की कड़ी निंदा करते हैं। अमेरिका ने अपने स्वार्थ के लिए मुशर्रफ के मामले में भी ऐसी ही राजनीति की थी।
गौरतलब है कि, पहलगाम आतंकी हमले के बाद से सिंधु जल संधि को लेकर भारत की तरफ से उठाए गए सख्त कदम के बाद पाकिस्तान की बौखलाहट साफ तौर पर देखने को मिल रही है। मामले में पाकिस्तानी नेताओं की बयानबाजी और गीदड़ भभकियां भी लगातर सामने आ रही है। कुछ दिन पहले ही अपनी अमेरिका यात्रा के दौरान पाकिस्तानी सेना प्रमुख असीम मुनीर ने भारत को परमाणु बम की धमकी दी थी। हालांकि, भारतीय विदेश मंत्रालय ने तुरंत ही मुनीर के इस बयान पर करारा जवाब दिया था। उन्होंने इसे गंभीर रूप से गैर-जिम्मेदाराना और अस्थिरता फैलाने वाला करार दिया।