यूपी के लखीमपुर खीरी में सोमवार को सियासी दिग्गजों ने चुनावी सभा को संबोधित किया। जनसभा को संबोधित करने पहुंचे पीएम नरेन्द्र मोदी ने एसपी, बीएसपी और कांग्रेस तीनों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि आपने कई बार सपा की सरकारें देखी, बसपा की सरकारें देखीं। क्या इनलोगों ने आपके जीवन में कोई बदलाव लाया है। ये लोग हर परीक्षा में फेल हुए हैं, ऐसे लोगों को अब परीक्षा देने का हक नहीं है। कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि यूपी में भूतकाल में अनेक दशकों तक कांग्रेस का शासन रहा लेकिन आजादी के 75 साल होने वाला है बावजूद हमारा देश और प्रदेश वहां नहीं पहुंचा जहां पहुंचना चाहिए था। उधर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा मोदी सरकार कालाधन और युवाओं को रोजगार समेत हर मोर्चे पर विफल रही है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि एसपी और कांग्रेस का गठबंधन प्रदेश के विकास के लिए हुआ है और यूपी में यह गठबंधन सरकार बनाएगी।