पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार का तीन दिवसीय चीन दौरा उस वक्त विवादों में आ गया जब बीजिंग एयरपोर्ट पर उनका स्वागत बेहद फीके और अपमानजनक तरीके से किया गया। आमतौर पर किसी भी देश के डिप्टी पीएम के लिए चीन जिस प्रकार का राजनयिक आतिथ्य दिखाता है, वह इस बार पूरी तरह नदारद था। एयरपोर्ट पर न तो कोई वरिष्ठ चीनी अधिकारी मौजूद था और न ही पारंपरिक रेड कार्पेट स्वागत की व्यवस्था थी।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने इशाक डार के बीजिंग पहुंचने का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट किया, वहां तुरंत बवाल मच गया। पाकिस्तानी यूजर्स ने अपने ही डिप्टी पीएम की स्थिति को ‘राष्ट्रीय शर्म’ की संज्ञा दी। एक यूजर ने कटाक्ष करते हुए लिखा, “ऐसे ही हमारी इज्जत ली जाती है।” दूसरे ने कहा, “जब खुद्दारी गिरवी रख दी जाए, तो सम्मान की उम्मीद करना बेकार है।”