Mumbai Mayor Election: बीएमसी में भाजपा शिवसेना गठबंधन की जीत को करीब दो हफ्ते का समय गुजर गया है, लेकिन अभी तक मेयर पद को लेकर सहमति नहीं बन पाई है। भाजपा और शिवसेना के बीच मेयर पद को लेकर खींचतान है। इस बीच, शिवसेना यूबीटी के नेता संजय राउत ने बीएमसी मेयर को लेकर चौंकाने वाला बयान दिया है।
शिवसेना यूबीटी के नेता संजय राउत ने मंगलवार को दावा किया कि मुंबई में भाजपा का ही मेयर बनेगा क्योंकि भगवा पार्टी अपने सहयोगी, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के साथ यह पद साझा नहीं करेगी।
संजय राउत ने कहा कि भले ही महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना बीएमसी मेयर का पद चाहती है और इसे लेकर नाराज भी है, लेकिन उसके पास कोई विकल्प नहीं है। संजय राउत ने कहा भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से बात करने के बाद शिवसेना को नगर निकाय में कुछ अन्य पद मिल सकते हैं, लेकिन मेयर पद उन्हें छोड़ना ही पड़ेगा। राज्यसभा सांसद ने कहा, 'मुंबई में भाजपा का ही मेयर होगा।'
बता दें कि, भाजपा-शिवसेना गठबंधन ने BMC चुनाव में जीत दर्ज की थी, लेकिन चुनाव जीतने के लगभग दो हफ्ते बाद भी यह तय नहीं है कि मेयर कौन होगा।