बतौर वित्त मंत्री देश में आर्थिक सुधारों की शुरुआत करने वाले पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का आज निधन हो गया। वे 92 साल के थे और काफी लंबे समय से वे बीमार चल रहे थे। ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के नूफिल्ड कॉलेज से अर्थशास्त्र में डी. फिल करने वाले मनमोहन सिंह ने एक प्री मेडिकल कोर्स में दाखिला लिया था। मनमोहन सिंह की बेटी दमन सिंह ने अपनी किताब ‘स्ट्रिक्टली पर्सनल: मनमोहन एंड गुरशरण’ में ये दावा किया है। इसमें उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री के पिता चाहते थे कि वह डॉक्टर बनें। मनमोहन सिंह की बेटी अपनी किताब में लिखती हैं कि पिता की इच्छा के मुताबिक, मनमोहन सिंह ने एक प्री मेडिकल कोर्स में दाखिला लिया था। लेकिन कुछ ही महीनों में उनकी रुचि खत्म हो गई और उन्होंने बीच में ही प्री मेडिकल कोर्स छोड़ दिया। 2014 में प्रकाशित अपनी पुस्तक "स्ट्रिक्टली पर्सनल: मनमोहन एंड गुरशरण" में, दमन सिंह ने यह भी कहा कि अर्थशास्त्र एक ऐसा विषय था जो उनके पिता को आकर्षित करता था। मनमोहन सिंह के बारे में बताते हुए दमन सिंह ने यह भी लिखा है कि उनके पिता एक मज़ाकिया इंसान थे और उनका हास्यबोध भी अच्छा था।