Karnataka Congress Crisis: कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और कुछ मंत्रियों समेत 30 से ज्यादा कांग्रेस विधायकों ने गुरुवार देर रात रात्रि भोज के लिए मुलाकात की।
मीडिया रिपोर्ट में पार्टी सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि बैठक में मंत्री केएच मुनियप्पा, मनकल वैद्य, डॉ एमसी सुधाकर, विधायक एनए हारिस, रमेश बांदीसिद्देगौड़ा, एचसी बालकृष्ण, गणेश हुक्केरी, दर्शन ध्रुवनारायण, अशोक कुमार राय, केवाई नांजेगौड़ा शामिल थे।
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा से निष्कासित विधायक एसटी सोमशेखर और शिवराम हेब्बर भी रात्रि भोज में हिस्सा लेने पहुंचे थे। शिवकुमार की यह रात्रि भोज बैठक मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उनके करीबी माने जाने वाले कुछ विधायकों के बेलगावी उत्तर के पूर्व विधायक फिरोज सैत की ओर से आयोजित रात्रिभोज में शामिल होने के एक दिन बाद हुई।
हालांकि, नेता इसे एक अनौपचारिक रात्रि भोज बैठक बता रहे हैं। इसके बाद एक बार फिर उन तमाम अटकलों को बल मिल गया है, जिनमें सत्तारूढ़ पार्टी में मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही सत्ता की खींचतान का दावा किया गया था।