जम्मू में नेशनल पैंथर्स पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रेशम घर पर मौजूद जन सेवा आयोग के कार्यालय पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने उच्च शिक्षा विभाग में सहायक प्रोफेसरों की नियुक्तियों में चयन प्रक्रिया के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कॉन्ट्रैक्चुअल शिक्षक शामिल रहे। चेयरमैन हर्षदेव सिंह ने बाताया कि हाल ही में पीएससी की ओर से कामर्स सहित अन्य विषयों में सहायक प्रोफेसरों की 58 सदस्यों की सूची जारी की गई है, लेकिन उसमें जम्मू संभाग से सिर्फ 13 उम्मीदवार शामिल किए गए। इसी तरह इतिहास के 34 पदों में से जम्मू संभाग से नौ, फिजिक्स में 26 में से 7, साइकोलॉजी में 27 में से 9 ही उम्मीदवारों को जम्मू संभाग से लिया गया। हर्षदेव सिंह ने आरोप लगाया कि जम्मू संभाग के पीएचडी, एमफिल सहित दूसरे उच्च शिक्षा और अनुभव प्राप्त उम्मीदवारों को नजरअंदाज करके कश्मीर के सामान्य उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी गई।