Amit Shah on Sudershan Reddy: कांग्रेस नीत गठबंधन के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जस्टिस बी सुदर्शन रेड्डी पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक बार फिर से हमला बोला है। अमित शाह ने विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के जिन पूर्व जज बी. सुदर्शन रेड्डी को उम्मीदवार बनाया है, उन्होंने सलवा जुडूम को खत्म करने वाले फैसले के जरिए नक्सलियों को दो दशक तक जिंदा रखा। एक इंटरव्यू में अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी सवाल उठाया और कहा कि उन्हें यह जवाब देना चाहिए कि ऐसे व्यक्ति क्यों चुना गया, जो 'वामपंथी सोच से सहानुभूति' रखता है और जिनकी वजह से एक ऐसा नागरिक सुरक्षा समूह खत्म हुआ जो नक्सलियों का सफाया कर सकता था।
अमित शाह ने एक इंटरव्यू में कहा, नक्सलियों ने स्कूलों को तबाह कर दिया था। वहां सीआरपीएफ और सुरक्षा बलों को तैनात किया गया था। लेकिन कोर्ट के आदेश के बाद रातों-रात उन्हें हटा दिया गया। कई जगहों पर सुरक्षा बलों पर हमले हुए। सुदर्शन रेड्डी से ज्यादा राहुल गांधी को जवाब देना चाहिए कि ऐसा व्यक्ति क्यों चुना गया। इसी विचारधारा की वजह से नक्सलियों को सुरक्षा मिली। शाह ने कहा कि सलवा जुडूम उन आदिवासियों ने बनाया गया था, जो शिक्षा, सड़क और स्वास्थ्य चाहते थे। उन्होंने कहा, यह उनकी रक्षा के लिए बना था, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने इसे खत्म कर दिया। गृहमंत्री ने कहा कि इस फैसले के बाद 'आत्मरक्षा का अधिकार' आदिवासियों से छीन लिया गया, जबकि उस समय नक्सलवाद 'अपने आखिरी दौर' में था। उन्होंने कहा, यह सब सुप्रीम कोर्ट के दस्तावेज में है। उसी फैसले ने नक्सलवाद को दो दशक और जिंदा रखा।
बता दें कि, नौ सितंबर को उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होने है। इसको लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी तैयारी शुरू कर दी है। एक तरफ जहां एनडीए गठबंधन दल ने सीपी राधाकृष्णन ने अपना उपराष्ट्रपति उम्मीदवार घोषित किया है। वहीं दूसरी ओर इंडिया गठबंधन ने उपराष्ट्रपति पद उम्मीदवार के लिए जस्टिस बी सुदर्शन रेड्डी का नाम आगे किया है।