पंचायत मलांगड़ क्षेत्र के युवाओं ने विधायक निधि के तहत स्वीकृत धनराशि खर्च नहीं किए जाने पर रोष प्रकट किया है। युवाओं ने उपमंडल अधिकारी (विकास) बंगाणा को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि पंचायत को सौंपी गई 1.50 लाख रुपये की धनराशि से प्रस्तावित सड़क का कार्य शीघ्र शुरू किया जाए। युवाओं ने आरोप लगाया कि पंचायत की लापरवाही के कारण अब तक सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। इस वजह से क्षेत्रवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार अनुरोध करने के बावजूद भी पंचायत स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि युवाओं की सहमति से स्वीकृत धनराशि का प्रयोग कर सड़क निर्माण की प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके। इस मौके पर अमनदीप, विशाल शर्मा, तिलक राज, पवन शर्मा, राजिंद्र, आशीष, अभिमन्यु कुमार, लोकेशपाल, आदित्य ठाकुर व अनमोल शर्मा सहित अन्य ग्रामीणों शामिल रहे हैं। पंचायत प्रधान मोहिंद्र सिंह का कहना है कि बरसात के बाद काम शुरू कर दिया जाएगा।