हेल्थ केयर फाउंडेशन ऊना की ओर से युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा नशा मुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला ऊना के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में नशा मुक्त व स्वास्थ्य युक्त युवा विषय पर लेखन प्रतियोगिता आयोजित करने का प्रस्ताव शिक्षा विभाग को भेजा गया है। शिक्षा विभाग उच्चतर ऊना उपनिदेशक अनिल कुमार ने बताया कि फाउंडेशन ने अपने प्रस्ताव में वर्तमान समय में बदलती जीवन शैली, असंतुलित खान-पान तथा नशे की बढ़ती प्रवृत्ति युवाओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है। ऐसे में विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशे से दूर रहने तथा समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने के लिए जागरूक करना समय की आवश्यकता है। प्रस्तावित प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, स्वच्छता, स्वास्थ्य संरक्षण, मधुमेह एवं हृदय रोगों की रोकथाम तथा स्वस्थ भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त करने का अवसर मिलेगा।