औद्योगिक क्षेत्र बाथू में मंगलवार सुबह एक फार्मा उद्योग में कार्यरत कामगार को उद्योग के अंदर ही सांप के काटने का मामला सामने आया। कामगारों में उद्योग में सुरक्षा को लेकर कंपनी पर लापरवाही बरतने के आरोप लगाए । कामगार मुख्य गेट पर इकट्ठे हुए और नारेबाजी की। उद्योग में काम करने वाले कामगारों ने बताया कि रोजाना की तरह मंगलवार सुबह सभी कामगार उद्योग में काम करने के लिए आए। कामगार रफीक मोहम्मद भी मशीन पर कार्य करने लगा। अंधेरा होने की वजह से उसका पैर उद्योग में मौजूद एक डिब्बे से टकराया। डिब्बे में सांप पड़ा था। इसके बाद उसके पैर में जलन होने लगी। इसकी जानकारी उन्होंने मौजूदा स्टाफ को दी। इसके बाद स्टाफ की ओर से उसे बाथड़ी में स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में ले जाया गया। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टर ने उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल नंगल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद उसे नंगल सिविल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार देने के बाद और कुछ टेस्ट करने के बाद उसे दो टेस्ट करने के लिए होशियारपुर जाने की सलाह दी गई। डॉक्टरों की टेस्ट और जांच के बाद उसे खतरे से बाहर बताया। इस घटना को लेकर उद्योग में कार्य करने वाले तमाम कामगारों ने अपनी सुरक्षा को लेकर गेट पर इकट्ठे होकर रोष प्रकट किया और उद्योग के एचआर प्रबंधक के खिलाफ नारेबाजी की। कहा कि उद्योग में कामगारों की सुरक्षा को लेकर प्रबंधन वर्ग की ओर से लापरवाही बरती जा रही है। उद्योग परिसर और उद्योग के अंदर अक्सर बड़े-छोटे सांप घूमते नजर आते रहते हैं। इससे कामगारों में हमेशा भय का माहाैल बना रहता है। इस मौके पर जिला इंटक प्रधान नरेश ठाकुर ने भी पहुंच कर कामगारों की सुरक्षा के लिए प्रशासन से मांग की। उन्होंने कहा कामगारों की सुरक्षा के साथ किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए ।