कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग मंडल बंगाणा के अधिकारियों के साथ खंड विकास भवन बंगाणा में एक महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि फील्ड में चल रहे सभी निर्माण कार्यों को जल्द से जल्द और गुणवत्तापूर्वक पूरा किया जाए। बैठक में विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि विकास कार्यों को लेकर सरकार और प्रशासन दोनों की प्राथमिकता स्पष्ट है। हर गांव तक पक्की सड़क और हर घर को बेहतर यातायात सुविधा पहुंचाना हमारा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि जनता की लंबे समय से चली आ रही बुनियादी समस्याओं का स्थायी समाधान अब निकट है, क्योंकि सरकार की ओर से क्षेत्र की दर्जनों सड़कों को स्वीकृति दी जा चुकी है। विधायक विवेक शर्मा ने बताया कि जोगी पंगा से लाम, झंबर, लाठियानी से कोहडरा, भयावी से बड़सर समेत दर्जनों ग्रामीण सड़कों को स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में कहा कि जिन विकास परियोजनाओं की घोषणाएं की जा चुकी हैं, उनकी प्रगति में किसी प्रकार की अनियमितता या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि सड़क निर्माण जैसे कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।